Re. No. MP-47–0010301

सीधी में स्कूल बस हादसा: 22 छात्र बाल-बाल बचे, ड्राइवर की लापरवाही से बड़ी अनहोनी टली

सीधी में स्कूल बस हादसा: 22 छात्र बाल-बाल बचे, ड्राइवर की लापरवाही से बड़ी अनहोनी टली

सीधी | सोनबरसा
जिले की सिहावल तहसील अंतर्गत सोनबरसा में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया जब शांति आदर्श स्कूल की बस सड़क किनारे बनी गहरी नाली में जा फंसी। उस समय बस में कक्षा 1 से 8वीं तक के 22 छात्र सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही बस जब बाजार की भीड़भाड़ और संकरी सड़क से निकली, तभी संतुलन बिगड़ गया और बस का एक पहिया सीधे नाली में जा फंसा। बच्चों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन सौभाग्य से बस पलटी नहीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

तीन बच्चे घायल, एक को सिर पर गहरी चोट
घटना में तीन बच्चों को चोटें आईं, जिनमें एक छात्र के सिर में गंभीर चोट लगी है। सभी घायल बच्चों को पास के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। बच्चों ने बताया कि ड्राइवर लापरवाही से बस चला रहा था और कई बार तेज गति से ब्रेक भी लगाए।

प्रशासन सख्त, जांच के संकेत
सिहावल तहसीलदार परम सुख बंसल ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने कहा कि संकरी सड़क और लापरवाह ड्राइविंग हादसे की वजह बनी है। यदि स्कूल प्रबंधन या वाहन चालक की गलती पाई जाती है, तो कार्रवाई की जाएगी।

प्रबंधन का कोई जवाब नहीं
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने मीडिया से बातचीत से इनकार कर दिया। न तो कोई अधिकृत बयान जारी किया गया और न ही प्राचार्य सामने आए।

यह घटना स्कूली वाहनों की सुरक्षा और प्रबंधन की जिम्मेदारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। परिजन प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!