Re. No. MP-47–0010301

पुरानी रंजिश में कुल्हाड़ी से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर – बलौदाबाजार में बवाल, पुलिस पर पथराव

पुरानी रंजिश में कुल्हाड़ी से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर – बलौदाबाजार में बवाल, पुलिस पर पथराव

बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़ | 1 अगस्त की शाम बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में दो युवकों के बीच पुरानी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। आरोप है कि लकी केवट और अजय केवट नामक युवकों ने दो दोस्तों – नानू उर्फ त्रिलोक चंद कौशिक (24) और मेमचंद कौशिक (27) – पर जानलेवा हमला किया। कुल्हाड़ी से किए गए इस हमले में नानू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मेमचंद गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों दोस्त मड़कड़ा गांव से गुजर रहे थे तभी आरोपियों ने उन्हें देखकर हमले की साजिश रच डाली। घेराबंदी कर लकी और अजय ने दोनों के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। खून से लथपथ नानू और मेमचंद वहीं सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान नानू की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मेमचंद को रायपुर रेफर कर दिया गया है।

गांव में हिंसा – पुलिस पर पथराव, तनावपूर्ण माहौल

घटना के बाद पुलिस जब रात में मड़कड़ा गांव में आरोपियों को पकड़ने पहुंची, तो गांव वालों ने आक्रोश में आकर पथराव कर दिया। इसमें पुलिस की दो गाड़ियों के शीशे टूट गए। भीड़ ने 3 से 4 घंटे तक पुलिस को गांव में घेर रखा और जमकर बवाल किया। हालात बिगड़ते देख ASP अभिषेक सिंह अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब 40 से 50 पुलिसकर्मियों के सुरक्षा घेरे में घंटों मशक्कत के बाद आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

गुस्से की वजह – पुलिस की पूर्व कार्रवाई से नाराज़गी

गांव वालों का कहना है कि मृतक नानू और घायल मेमचंद ने पूर्व में लकी और अजय से मारपीट की थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था, जो बाद में पुलिस पर पथराव का कारण बना।

पुलिस का बयान

ASP अभिषेक सिंह ने बताया, “आरोपियों ने पुरानी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।”

इस घटना से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!