Re. No. MP-47–0010301

कांग्रेस विधायकों ने पहनी पुलिस वर्दी? जाने क्या थी वजह

कांस्टेबल भर्ती घोटाले पर गरमाई विधानसभा: कांग्रेस विधायकों ने पहनी पुलिस वर्दी, किया प्रतीकात्मक विरोध

भोपाल, 6 अगस्त 2025
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र बुधवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया जब कांग्रेस विधायकों ने पुलिस की वर्दी पहनकर सदन में प्रवेश किया। यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हुए कथित घोटाले के विरोध में किया गया।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा भवन में जोरदार नारेबाजी की और इस घोटाले को “व्यापमं पार्ट-2” की संज्ञा देते हुए न्यायिक जांच की मांग की।

सिंघार ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल भर्ती में व्यापक स्तर पर धांधली की गई है और इसमें सरकारी संरक्षण में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी से युवाओं का भरोसा टूट रहा है और यह भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

कांग्रेस विधायकों का कहना है कि जिस प्रकार से व्यापमं घोटाले ने राज्य की साख को नुकसान पहुंचाया था, उसी तरह यह नया मामला भी युवाओं की उम्मीदों को तोड़ रहा है। इसलिए इसकी उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जानी चाहिए।

इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने “नौजवानों के साथ अन्याय बंद करो”, “भ्रष्टाचारियों को जेल भेजो”, जैसे नारे लगाए और सरकार पर तीखा हमला बोला।

सरकार की प्रतिक्रिया का इंतज़ार

इस मुद्दे पर सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विपक्ष के आक्रामक तेवरों से यह स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में विधानसभा सत्र में यह मुद्दा जोर पकड़ सकता है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!