Re. No. MP-47–0010301

सीधी:बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली 10 ग्राम पंचायतों को किया गया सम्मानित, स्वच्छता और विकास में दिखाया उत्कृष्ट काम

सीधी:बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली 10 ग्राम पंचायतों को किया गया सम्मानित, स्वच्छता और विकास में दिखाया उत्कृष्ट काम

सीधी। जनपद पंचायत सीधी में शुक्रवार को “पंचायत उन्नति सूचकांक 1.0” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान उन 10 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया जिन्होंने ग्रामीण विकास के विभिन्न मानकों—जैसे स्वच्छता, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन—में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को प्रोत्साहित करना और विकास कार्यों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।

चयनित पंचायतों में पनवार चौहानन, पतेहरा खुद, भैलकी खुद, बरिगवां, गांधीग्राम, जमोड़ी संग्राम, देवगढ़, पनवार बघेलान, जमोड़ी कला और ऐंठी शामिल हैं। इन सभी पंचायतों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान वितरण का कार्य जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदूलाल पनिका द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य नीतू संदीप सिंह चौहान, वंशराजन सिंह, उमाशंकर यादव, विनोद सिंह परिहार, खंड पंचायत अधिकारी उमेश सोनी, मनरेगा शाखा से एपीओ दिनेश गौतम सहित कई अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

जनपद पंचायत अध्यक्ष ने पंचायत प्रतिनिधियों को अगले वित्तीय वर्ष में ‘ए’ और ‘ए+’ श्रेणी में शामिल होने का लक्ष्य रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में “हर घर तिरंगा” और “तिरंगा सम्मान” गतिविधियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया गया। सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

इस सूचकांक से न केवल पंचायतों की प्रशासनिक क्षमता मजबूत हो रही है, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में स्वच्छता, आधारभूत ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!