Re. No. MP-47–0010301

सीधी में आज प्रभारी मंत्री करेंगे ध्वजारोहण, शहर में तीन स्थानों पर लाइव प्रसारण

सीधी में आज प्रभारी मंत्री करेंगे ध्वजारोहण, शहर में तीन स्थानों पर लाइव प्रसारण

सीधी। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में इस बार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय सीधी में बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित होगा। प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे।

कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, समारोह की शुरुआत प्रातः 8:58 बजे मुख्य अतिथि के आगमन से होगी। इसके बाद प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण, 9:10 बजे परेड निरीक्षण एवं मार्चपास्ट और 9:20 बजे परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों का परिचय मुख्य अतिथि से कराया जाएगा। प्रातः 9:25 बजे मुख्यमंत्री का संदेश वाचन का लाइव प्रसारण होगा, वहीं 9:56 बजे प्रभारी मंत्री बधाई संदेश का वाचन करेंगे।

इसके बाद प्रातः 10:15 बजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें स्वतंत्रता संग्राम की झलक और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां शामिल होंगी। प्रातः 10:35 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया जाएगा।

तीन स्थानों पर होगा लाइव प्रसारण
मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती मिनी अग्रवाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण शहर के तीन प्रमुख स्थानों — गांधी चौराहा, शहीद श्यामलाल चौक और कलेक्ट्रेट चौक — पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा। इन स्थानों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि कार्यक्रम का प्रसारण सुचारू रूप से हो सके। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद परेड ग्राउंड पर होने वाले पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी इन तीनों स्थानों पर किया जाएगा।

इस अवसर पर नगर में देशभक्ति का वातावरण निर्मित होगा और लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिलेगा। प्रशासन ने अपील की है कि सभी नागरिक कार्यक्रम में गरिमा और अनुशासन के साथ शामिल होकर आजादी के इस पर्व को भव्य बनाएँ।

Leave a Comment

error: Content is protected !!