Re. No. MP-47–0010301

स्वतंत्रता दिवस पर सीधी में हुआ भव्य मुख्य समारोह, प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस पर सीधी में हुआ भव्य मुख्य समारोह, प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया ध्वजारोहण

सीधी। आजादी के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर जिले का मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड, सीधी में बड़े ही धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने सुबह ठीक 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। इसके उपरांत मंत्री श्री जायसवाल ने समृद्धि और आजादी के सपनों के प्रतीक रंगीन गुब्बारे नील गगन में छोड़कर देशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

परेड का निरीक्षण और सलामी
ध्वजारोहण के बाद मंत्री श्री जायसवाल ने परेड का निरीक्षण किया और आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा उनके साथ मौजूद रहे। परेड का कमांड उप पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत कुमार कड़वे ने संभाला, जबकि उप कमांडर की जिम्मेदारी प्लाटून कमांडर श्री मयंक तिवारी (होमगार्ड) ने निभाई। मार्चपास्ट में 9वीं वाहिनी विसबल ए कंपनी, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, होमगार्ड, सीनियर और जूनियर एनसीसी, विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी, महिला बाल विकास शौर्य दल तथा पुलिस बल के बैण्ड दल ने भाग लिया और दर्शकों का मन मोह लिया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने देश के इन वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। यह सम्मान उनकी कार्यकुशलता और जनता के प्रति समर्पण भाव के लिए दिया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री अंशुमन राज, समाजसेवी श्री देवकुमार सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं का स्मरण किया गया और नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। पूरे मैदान में तिरंगे की शान और वंदे मातरम् के जयघोष से गगन गुंजायमान हो उठा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!