छात्रों को निःशुल्क साइकिल का वितरण, विधायक ने कहा – शिक्षा से ही सर्वांगीण विकास संभव
सीधी। विधानसभा क्षेत्र सिहावल में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है, इसलिए प्रदेश एवं केंद्र सरकार ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
चार विद्यालयों में हुआ साइकिल वितरण
यह कार्यक्रम पीएम श्री शा. उच्च माध्यमिक विद्यालय हटवा खास, शा. उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनवर्षा, हाईस्कूल कुनझुन कला एवं पीएम श्री शा. उच्च माध्यमिक विद्यालय खुटेली में आयोजित किया गया। विधायक श्री पाठक ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
योजनाओं से शिक्षा को नई दिशा
विधायक श्री पाठक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मध्यान्ह भोजन, गणवेश, पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, मेधावी छात्रों को लैपटॉप व स्कूटी प्रदाय जैसी योजनाएं संचालित कर रही हैं। यहां तक कि निर्धन छात्रों को विदेशों में उच्च शिक्षा हेतु भी सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूरस्थ गांवों से आने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और समय की बचत होगी। पहले दूरी की वजह से कई छात्राएं पढ़ाई बीच में छोड़ देती थीं, लेकिन अब यह समस्या नहीं रहेगी।
विकास का आश्वासन
कार्यक्रम में विधायक ने विद्यालयों में बाउंड्रीवाल, मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया। हटवा खास विद्यालय में उन्होंने डिजिटल बोर्ड का शुभारंभ भी किया। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर जयशंकर द्विवेदी, दखन सिंह सोलंकी, सीपी तिवारी, सीएल सिंह, जितेंद्र द्विवेदी, सुरेश सिंह, रामशखा शर्मा, सरपंच श्रीमती ममता पटेल, शम्भू त्रिपाठी, रामलाल विश्वकर्मा, सरपंच सरोज द्विवेदी, अर्जुन उपाध्याय, अनुसुइया शुक्ला, मथुरा साकेत, आशुतोष उपाध्याय, अजय उपाध्याय, पुष्पराज सिंह, विजय त्रिपाठी, राजेश सिंह, दीपू सिंह, सालिक द्विवेदी, गिरीश द्विवेदी, शिवबहोर साकेत, रामलाल सिंह, शेख मोहम्मद, गुलज़ार मोहम्मद, निलेश तिवारी, राजीव लोचन तिवारी, सहित विद्यालयों के शिक्षकगण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








