Re. No. MP-47–0010301

सीधी: छात्रावास में सर्पदंश से छात्रा की मौत, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

सीधी: छात्रावास में सर्पदंश से छात्रा की मौत, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

सीधी:मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कुसमी बनांचल स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में मंगलवार तड़के सर्पदंश की दर्दनाक घटना सामने आई है। कक्षा 7वीं की छात्रा पूजा बैगा (12) की नींद में सांप के काटने से मौत हो गई। घटना सुबह लगभग 4:30 बजे हुई, जब पूजा अन्य छात्राओं के साथ कमरे में सो रही थी।

जानकारी के मुताबिक, सहपाठी छात्राओं ने पूजा को बेहोश हालत में पाया, जिनके शरीर पर सांप काटने के निशान मौजूद थे। इसी दौरान छात्राओं ने कमरे से एक सांप को भागते हुए देखा। बरामदे में सो रहे छात्रावास चौकीदार को सूचना दी गई, जिसने तत्काल मौके पर पहुंचकर सांप को मार दिया।

पूजा को एम्बुलेंस से मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही पूजा की रास्ते में मौत हो गई।

जिला चिकित्सालय में छात्रा का शव

घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सीईओ अंशुमान राज ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टीम को छात्रावास भेजकर सुरक्षा, निगरानी, और स्वास्थ्य प्रबंधन की समीक्षा करने को कहा है। प्रशासन ने छात्रावास की मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधारात्मक बदलाव करने का आश्वासन दिया है।

इस घटना ने छात्रावासों में सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। परिजनों व स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!