आज दिनभर चर्चा में रही मझौली पुलिस – एएसआई को लोकायुक्त ने दबोचा, आरक्षक को महिला ने दौड़ाया
सीधी। शनिवार का दिन मझौली थाना पुलिस के लिए बेहद विवादास्पद और सुर्खियों से भरा रहा। शाम को जहां लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) कमलेश त्रिपाठी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया, वहीं दोपहर में जमीन विवाद के दौरान एक महिला ने थाने के आरक्षक पर हमला कर उसे 200 मीटर तक दौड़ा दिया। दोनों घटनाओं से मझौली पुलिस पूरे दिन चर्चा में रही।
रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार

लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने मझौली थाना परिसर से एएसआई कमलेश त्रिपाठी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते ही पकड़ लिया। ग्राम टेकर के पंच पंकज तिवारी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि त्रिपाठी ने चेक से जुड़ी आरटीआई जानकारी देने के लिए रिश्वत मांगी है।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद निरीक्षक उपेंद्र दुबे के नेतृत्व में शाम करीब 7 बजे ट्रैप की कार्रवाई की गई। एएसआई को सीधी सर्किट हाउस लाकर देर रात तक पूछताछ हुई। अधिकारियों ने बताया कि उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जाएगी।
टीआई उपेंद्र दुबे ने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता बनाए रखना लोकायुक्त का उद्देश्य है। रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भ्रष्टाचारियों पर लगातार कार्रवाई होती रहेगी।
महिला ने आरक्षक को दौड़ाया, चप्पल से हमला

इसी दिन दोपहर करीब 12 बजे वार्ड क्रमांक 6 में जमीन विवाद को लेकर मझौली पुलिस पर हंगामा हो गया। तीरथ तिवारी और राजीव लोचन तिवारी के बीच चल रहे विवाद में न्यायालय ने तीरथ तिवारी के पक्ष में फैसला सुनाया और राजीव लोचन को घर निर्माण रोकने का आदेश दिया। आदेश का पालन कराने प्रधान आरक्षक रामनरेश कोल और आरक्षक आशुतोष मिश्रा मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान राजीव लोचन की पत्नी सुनीता तिवारी भड़क गईं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज की और आरक्षक आशुतोष मिश्रा पर चप्पल से हमला कर दिया। महिला ने उन्हें करीब 200 मीटर तक दौड़ा दिया।
मोबाइल छीनने का आरोप
सुनीता तिवारी ने आरोप लगाया कि उनका बेटा घटना का वीडियो बना रहा था, तभी पुलिस ने उसका मोबाइल तोड़ने की कोशिश की और उससे गाली-गलौज की। बेटे को बचाने के लिए ही उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने दर्ज किया आवेदन
मझौली थाना प्रभारी एसआई विशाल शर्मा ने बताया कि आरक्षक आशुतोष मिश्रा की शिकायत पर आवेदन लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
???? इस तरह एक ही दिन में रिश्वत कांड और महिला द्वारा पुलिसकर्मी से झड़प होने से मझौली थाना पूरे जिलेभर में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।








