गणेश प्रतिमा विसर्जन हेतु सीधी प्रशासन और पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
सीधी, 04 सितम्बर 2025।
गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं। कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा इंतज़ाम पुख्ता करने के निर्देश दिए।
घाटों का निरीक्षण – सुरक्षा पर विशेष जोर

अधिकारियों ने सबसे पहले गायघाट (थाना कमर्जी क्षेत्र) का निरीक्षण किया, इसके बाद कोलदहा घाट और अंत में भंवरसेन घाट पहुंचे। हाल की लगातार बारिश से नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया।
कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन स्थल पर प्रकाश व्यवस्था, बेरिकेटिंग, मेडिकल टीम, गोताखोर एवं सुरक्षा बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए।
6 सितम्बर को भारी भीड़ की संभावना
6 सितम्बर को विसर्जन के दौरान जिलेभर से हजारों श्रद्धालु सीधी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से गायघाट सोन नदी पहुंचेंगे। सोन नदी पर एकल पुलिया होने के कारण प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक सीधी–कमर्जी मार्ग पर सभी मालवाहक वाहनों (लोडेड व अनलोडेड) का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है।
अपर जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उल्लंघन की स्थिति में दोषियों पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 एवं मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीईआरएफ को भी तैनात किया गया

निरीक्षण के दौरान एसपी डॉ. वर्मा ने विशेष रूप से एसडीईआरएफ (State Disaster Emergency Response Force) टीम को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम श्री शैलेन्द्र द्विवेदी, एसडीओपी चुरहट श्री आशुतोष द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक श्री वीरेंद्र कुमरे, यातायात प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, संबंधित थाना प्रभारी, नायब तहसीलदार सुश्री एकता शुक्ला, एसडीईआरएफ प्लाटून कमांडर श्री मयंक तिवारी सहित पुलिस बल, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस की अपील
सीधी पुलिस ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि –
- प्रतिमा विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित घाटों पर ही करें।
- विसर्जन प्रक्रिया में पुलिस व प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
- अनावश्यक भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचें।
- किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रशासन का उद्देश्य
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि यह धार्मिक पर्व पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो, ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय और बाधा के इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हो सकें।








