मध्यप्रदेश: नगर पालिका अध्यक्षों के प्रत्यक्ष चुनाव पर कैबिनेट में चर्चा आज, आ सकता है अध्यादेश
भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक कई अहम फैसलों की गवाह बन सकती है। बैठक में नगरीय निकाय चुनाव व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। सरकार नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्षों को बार-बार लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्तावों से बचाने के लिए अब उनके प्रत्यक्ष चुनाव की व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है।
???? अध्यादेश का प्रस्ताव कैबिनेट में
नगरीय विकास विभाग ने इस संबंध में नगर पालिका अधिनियम की धारा 47 में संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा है। संभावना है कि मंगलवार की बैठक में इस अध्यादेश को मंजूरी मिल सकती है।
???? 2027 से लागू हो सकता है नया प्रावधान
अध्यादेश लागू होने के बाद वर्ष 2027 के निकाय चुनावों में नगर निगम महापौर की तरह ही नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्षों का चुनाव सीधे जनता करेगी। इससे अध्यक्षों को अविश्वास प्रस्ताव से मुक्ति मिल जाएगी।
हालांकि अध्यादेश में राइट टू रिकॉल का प्रावधान भी होगा, यानी जनता चाहे तो चुने गए अध्यक्ष को पद से हटा सकेगी।
????️ अन्य जनहित मुद्दों पर भी चर्चा
कैबिनेट बैठक में कई अन्य जनहित विषयों पर भी चर्चा और फैसले लिए जा सकते हैं।
???? मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंगलवार का कार्यक्रम
- सुबह 10:45 बजे – सीएम हाउस से मंत्रालय आगमन
- सुबह 11:00 बजे – कैबिनेट बैठक
- दोपहर 1:00 बजे – मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना की राशि का सिंगल क्लिक से वितरण
- दोपहर 1:20 बजे – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक
- दोपहर 2:30 बजे – मुलाकातों के लिए आरक्षित समय
- शाम 4:00 बजे – परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक








