सत्संग की आड़ में धर्म परिवर्तन का खेल, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक दर्जन से ज्यादा लोग गिरफ्तार
सिंगरौली।
सत्संग के नाम पर भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह कर धर्म परिवर्तन कराने का खेल आखिरकार पुलिस की नज़र में आ गया। नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निगाही मोड़ के पास लंबे समय से यह गतिविधियां चल रही थीं। स्थानीय स्तर पर मिल रही सूचनाओं के आधार पर बुधवार को नवानगर थाना पुलिस ने विंध्यनगर थाना, कोतवाली बैढ़न थाना और जयंत चौकी पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापामार अभियान चलाया।
पुलिस की दबिश के दौरान मौके से एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां भोले-भाले ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। ग्रामीणों को लालच, भय और झूठे आश्वासन देकर आस्था बदलने के लिए तैयार किया जा रहा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए लोगों से लगातार पूछताछ चल रही है और यह संभावना जताई जा रही है कि इस नेटवर्क में और भी लोग सक्रिय हो सकते हैं। पुलिस की टीमें अब इनकी तलाश में जुट गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से इस इलाके में संदिग्ध धार्मिक गतिविधियों की खबरें मिल रही थीं, लेकिन खुलकर शिकायत नहीं हो पा रही थी। जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, तत्काल एक्शन लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी प्रकार का अवैध प्रलोभन और धर्मांतरण स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसे कृत्यों में शामिल पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अब ग्रामीण भी खुलकर ऐसे मामलों की जानकारी पुलिस को देने के लिए आगे आ रहे हैं।








