सीधी में रेलवे के निर्माणाधीन पुल में डूबने से बालक की मौत, आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

सीधी।
ललितपुर–सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के निर्माणाधीन पुल पर हुई लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। कोतवाली थाना क्षेत्र के गाड़ा बवन गांव में शुक्रवार को 12 वर्षीय बालक रमन सिंह पिता संत बहादुर सिंह की डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, पुल निर्माण कार्य के दौरान बनाए गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। इसी गड्ढे में डूबकर बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजन शव को अस्पताल चौक पर रखकर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। वे ठेकेदार पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और रेलवे अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
लगातार हो रही लापरवाही

ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे परियोजना में कार्यरत ठेकेदार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे पहले कुचवाही के पास भी निर्माणाधीन पुल में डूबने से दो किशोरों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी ठेकेदारों ने कोई सबक नहीं लिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ठेकेदार दोनों को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
प्रशासन की समझाइश
घटना की सूचना पर डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा और राजस्व अमला मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने भी परिजनों से धरना समाप्त करने की अपील की।
परिजनों का बयान
मृतक के परिजन रिंकू सिंह ने कहा कि यह हादसा ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने मांग की कि रेलवे अधिकारियों और ठेकेदार पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रशासन का आश्वासन
एसडीएम और डीएसपी अमन मिश्रा ने कहा कि परिजनों की मांगों को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच उपरांत दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल अस्पताल चौक पर धरना-प्रदर्शन जारी है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।








