Re. No. MP-47–0010301

Sidhi24news:सीधी जिले की कुछ प्रमुख शासकीय समाचार.. 

सीधी जिले की कुछ प्रमुख शासकीय समाचार.. 

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिले के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

वृद्धजन केवल परिवार के नहीं, बल्कि पूरे समाज के स्तंभ हैं – सांसद डॉ राजेश मिश्रा 

सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है – विधायक श्रीमती रीती पाठक 

सीधी अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार, सीधी में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आतिथ्य सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया तथा विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान कुल 101 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। बुजुर्गों को पुष्पमाला पहनाकर और साल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

 सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा, ‘‘वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका जीवन अनुभव, संघर्ष और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। हमें उनके ज्ञान का सम्मान करना चाहिए और उनकी सलाह को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। वृद्धजन केवल परिवार के नहीं, बल्कि पूरे समाज के स्तंभ हैं। उनके सम्मान और कल्याण के लिए समाज और सरकार को मिलकर काम करना चाहिए। ऐसे अवसर हमें याद दिलाते हैं कि बुजुर्गों का आदर करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। मैं सभी बुजुर्गों से आग्रह करता हूं कि वे अपने अनुभवों को युवाओं के साथ साझा करें, ताकि आने वाली पीढ़ी समाज और राष्ट्र के निर्माण में उनके मूल्यवान योगदान को समझ सके।‘‘

 विधायक रीती पाठक ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनके जीवन अनुभव और समाज के प्रति योगदान को सदा याद रखा जाना चाहिए। हम राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मान प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। आज का यह कार्यक्रम हमें यह संदेश देता है कि समाज के बुजुर्गों को सशक्त बनाने और उनका सम्मान करने के लिए हमें हमेशा तत्पर रहना चाहिए। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि वे अपने जीवन के सुनहरे अनुभवों के साथ समाज को मार्गदर्शन देते रहें।‘‘

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, विश्वबंधुधर द्विवेदी, पंकज पाण्डेय, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सूरज सिंह, प्रदीप द्विवेदी, सीपी तिवारी, प्रभात शुक्ला, मिथिलेश वर्मा, दीपक रावत, राजेश मिश्रा, तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र से शिवांसु शुक्ला सहित अनेक गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

—————–

मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से भावांतर योजना के संबंध में दिए निर्देश

योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश 

सीधी मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को सोयाबीन खरीदी के लिए लागू भावांतर योजना के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों का पंजीयन 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा और यह योजना सोयाबीन के लिए 24 अक्टूबर से 15 जनवरी 2026 तक प्रभावशील रहेगी। भावांतर योजना किसानों को अधिकतम मूल्य दिलाने में अत्यंत लाभकारी है।

मुख्य सचिव ने कलेक्टर और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजना का विस्तृत प्रचार-प्रसार कराएं, सभी पात्र किसानों का पंजीयन कराएं और 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं में योजना की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि सभी मण्डी परिसरों में होर्डिंग्स लगवाएं और प्रिंट तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी योजना की व्यापक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करके किसानों तक सही कम्युनिकेशन सुनिश्चित करें ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो।

मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई करवाई जाए और अनुपयोगी सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हटाई जाए। साथ ही लोक सेवा गारंटी योजना का पालन करते हुए आमजनता को निर्धारित समय में सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। बैठक में अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने भावांतर योजना की जानकारी दी।

कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, अपर कलेक्टर बी. पी. पाण्डेय, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, उप संचालक कृषि राजेश सिंह चौहान, मंडी सचिव रावेंद्र अग्निहोत्री एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।          

—————–

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मूर्ति विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जिलेवासियों से सहयोग और चिन्हित स्थलों पर ही विसर्जन करने की अपील

सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेने हेतु सोन नदी गऊघाट एवं कोल्दहा घाट चुरहट पहुँचकर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, विसर्जन स्थलों पर सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएँ। सुरक्षा और व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने निर्देश दिए कि विसर्जन कुण्ड के समीप जेसीबी मशीन, गोताखोर, चिकित्सकीय दल, एम्बुलेंस तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

  पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि “मूर्ति विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मूर्तियों को सुरक्षित रूप से विसर्जन स्थल तक पहुँचाने के लिए रूट चार्ट का पालन अनिवार्य है। प्रतिबंधित स्थानों पर विसर्जन की अनुमति नहीं है, इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

अधिकारियों ने अपील की कि श्रद्धालु विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर ही करें तथा छोटे बच्चों को विसर्जन स्थल पर न लाएँ। उन्होंने कहा कि “यह पर्व आस्था और उल्लास का है, सभी नागरिकों का दायित्व है कि शांति, सुरक्षा और सौहार्द्र बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।”

 निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, उपखण्ड अधिकारी चुरहट शैलेश द्विवेदी, उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

—————–

दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी एवं पटाखों की बिक्री हेतु निर्देश जारी

सीधी दीपावली पर्व के अवसर पर आतिशबाजी, पटाखे और फूलझड़ी के संग्रह एवं विक्रय के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत स्थाई और अस्थाई दुकानों के लिए अनुज्ञप्ति जारी की जाएगी। विस्फोटक नियम, 2008 और संबंधित उच्च न्यायालय तथा केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।

अस्थाई अनुज्ञप्ति प्रदान करने का अधिकार उपखण्ड दण्डाधिकारियों को दिया गया है। नवीन अस्थाई अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन 12 अक्टूबर 2025 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। प्रभारी अधिकारी अपर जिला दण्डाधिकारी के अनुमोदन पश्चात ही अनुज्ञप्ति जारी होगी, जो 02 नवंबर 2025 तक वैध रहेगी। अनुज्ञप्ति स्थल, क्षमता और सुरक्षा के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की पुष्टि करना प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।

अनुज्ञप्ति धारकों निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक दुकानदार अपनी अनुज्ञप्ति में उल्लिखित मात्रा से अधिक आतिशबाजी न रखे। प्रत्येक स्थल पर अग्निशमन उपकरण, पर्याप्त पानी और बालू की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रहवासी बस्तियों में आतिशबाजी की दुकान न खोली जाए। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना वयस्क व्यक्ति के आतिशबाजी न बेची जाए।

सभी शेड एक-दूसरे से कम से कम 3 मीटर की दूरी पर होंगे और खुले बिजली या तेल के लैम्प का उपयोग वर्जित होगा। स्थाई दुकानों के बीच 15 मीटर सुरक्षा दूरी का पालन अनिवार्य होगा। प्रत्येक दुकान में मास्टर स्विच एवं फ्यूज/सर्किट ब्रेकर की व्यवस्था होगी। पटाखों के ध्वनि स्तर और विस्फोटन दूरी के संबंध में केंद्र सरकार की अधिसूचना का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

अनुज्ञप्तिधारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दुकानों में आतिशबाजी सुरक्षित रूप से संग्रहित की जाए और अवैध रूप से आयातित पटाखों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित होगी। दुकानों का नक्शा तैयार रखा जाएगा और प्रत्येक दुकान में निर्धारित मात्रा और प्रकार की ही आतिशबाजी रखी जाएगी।

 विस्तृत दिशा निर्देश जिला दण्डाधिकारी कार्यालय या उपखंड दण्डाधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

—————–

दुर्गा मूर्ति विसर्जन हेतु कार्यपालिक दण्डाधिकारियों का संशोधित आदेश जारी

सीधी जिले में 02 एवं 03 अक्टूबर को चिन्हित विभिन्न स्थलों पर मां दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपर जिला दण्डाधिकारी बी.पी. पाण्डेय ने आदेश जारी कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। आदेशानुसार गऊघाट, जोगदहा घाट अमिलिया, कोल्दहा घाट चुरहट, भंवर सेन रामपुर नैकिन, बनास एवं सेहरा नदी मझौली, गोतरा व खर्रा घाट कुसमी, टिकरी मड़वास तथा नौढ़िया मझौली पर संबंधित तहसीलदार एवं जनपद या नगर पालिका अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

निर्देश दिए गए हैं कि होमगार्ड कमांडेंट सभी विसर्जन स्थलों पर तैराक, गोताखोर, रस्सी, नाव एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी चिकित्सक दल के साथ आवश्यक उपकरणों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। शहरी क्षेत्र में नगर पालिका अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत अधिकारी पेयजल, लाइट एवं बेरिकेटिंग की व्यवस्था करेंगे।

अपर जिला दण्डाधिकारी ने समस्त उपखण्ड दण्डाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी करें। तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं कोटवारों को विसर्जन स्थलों पर सतत निगरानी हेतु निर्देशित करेंगे। साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि दुर्गा मूर्ति विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर ही किया जाए।             —————- 

मां दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत सीधी-कमर्जी मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

सीधी मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 02 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक सीधी-कमर्जी मार्ग पर सभी मालवाहक भारी वाहनों (लोडेड एवं अनलोडेड) का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह आदेश अपर जिला दण्डाधिकारी द्वारा पुलिस अधीक्षक सीधी के प्रस्ताव पर जारी किया गया है।

गऊघाट (सोन नदी) की एकल पुलिया पर संभावित दुर्घटना एवं अव्यवस्था की आशंका को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 एवं मोटरयान अधिनियम के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जाए

    —————–

अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस पर सीधी जिले में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन

सीधी अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के अवसर पर आज सीधी जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जिले के वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देना था।

शिविरों का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और जिला चिकित्सालय सीधी में किया गया। इन शिविरों में वृद्ध जनों का स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने वृद्ध जनों का जांच कर उनकी सेहत की स्थिति का मूल्यांकन किया। साथ ही उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और जीवनशैली में सुधार के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया गया। 

स्वास्थ्य विभाग सीधी के अधिकारियों ने बताया कि वृद्ध जनों का स्वास्थ्य विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, और ऐसे शिविर उनके स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उन्हें जागरूक करने में मददगार साबित होते हैं। अधिकारियों ने कहा कि निःशुल्क जांच और परामर्श से वृद्धजन अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख सकते हैं और जीवन की गुणवत्ता को बढ़ा सकते हैं।

जिला चिकित्सालय और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित शिविरों में वृद्ध जनों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी गई जानकारियों और परामर्श की सराहना की।

—————–

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित

अपर कलेक्टर ने की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा 

सीधी अपर कलेक्टर बी पी पाण्डेय की अध्यक्षता में सीधी कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, संबंधित विभागों के सदस्य और अन्य विशेषज्ञ उपस्थित थे। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, वर्तमान स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी योजनाओं व रणनीतियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी और लोगों के लिए सुलभ बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार, नवीनतम तकनीकों का उपयोग, और सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करें।

अपर कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित निगरानी और मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति और आने वाली चुनौतियों पर भी विस्तृत जानकारी साझा की।

—————–

Leave a Comment

error: Content is protected !!