सीधी में भीषण सड़क हादसा: पिता-पुत्र की मौके पर मौत, कई घायल
सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोस्टा के पास रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत के कारण हुआ।

मृतकों की पहचान नरेंद्र पांडेय पिता मनमोहन पांडेय (45 वर्ष) निवासी रतहरा, जिला रीवा तथा उनके पुत्र विद्याश उर्फ डिम्पल पांडेय (22 वर्ष) निवासी रतहरा, थाना समान जिला रीवा के रूप में हुई है।
हादसे में घायल हुए लोगों में किरण पांडेय (42 वर्ष), अमिता तिवारी (50 वर्ष), पुष्पा शर्मा (45 वर्ष), शाम तिवारी (48 वर्ष) और रविंद्र शर्मा (48 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों को चुरहट अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग हरिस्थानपुर थाना सेमरिया क्षेत्र में एक तेरही कार्यक्रम में शामिल होकर रतहरा लौट रहे थे। रास्ते में कोस्टा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक (एमपी 53 क्रमांक) से बोलेरो की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भेजा गया और वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने मृतक पिता-पुत्र को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य देने की प्रार्थना की है।








