Re. No. MP-47–0010301

आज 1 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, अनुपूरक बजट और बड़े विधेयकों पर रहेगी नजर

आज 1 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, अनुपूरक बजट और बड़े विधेयकों पर रहेगी नजर

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है, जो 1 दिसंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा। यह सोलहवीं विधानसभा का सातवां सत्र होगा। तीन दिसंबर को भोपाल गैस त्रासदी की बरसी के कारण अवकाश रहेगा, इसलिए कुल चार बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र के दौरान सरकार अनुपूरक बजट के साथ कई अहम विधेयक पेश करने जा रही है, वहीं विपक्ष भी कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

10 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट और चार महत्वपूर्ण विधेयक

मोहन यादव सरकार इस सत्र में लगभग 10,000 करोड़ रुपए का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही चार प्रमुख विधेयक सदन में लाए जाएंगे—

  • नगरपालिकाओं में अध्यक्ष के प्रत्यक्ष चुनाव का कानून
  • राइट टू रिकॉल का प्रावधान
  • दुकान एवं प्रतिष्ठान (संशोधन) विधेयक 2025
  • जनप्रतिनिधियों के वेतन बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव

नगरपालिका अध्यक्षों के सीधे चुनाव और दुकान एवं प्रतिष्ठान (संशोधन) विधेयक को कैबिनेट पहले ही मंजूरी दे चुकी है। विधानसभा से स्वीकृति मिलने के बाद ये प्रस्ताव विधि का रूप ले लेंगे।

पहले दिन पेश होंगी महत्वपूर्ण रिपोर्टें

सत्र के पहले ही दिन सरकार कई विभागों की वार्षिक रिपोर्टें और अधिसूचनाएं सदन के पटल पर रखेगी। इनमें प्रमुख रूप से—

  • नगरपालिका (संशोधन) अध्यादेश 2025
  • रेरा मध्यप्रदेश का वार्षिक प्रतिवेदन 2024–25
  • MP अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की 2020–21 की रिपोर्ट
  • विद्युत नियामक आयोग की तीन अधिसूचनाएं
  • मानव अधिकार आयोग व राज्य सूचना आयोग की वार्षिक रिपोर्टें
    शामिल होंगी।

अध्यक्ष तोमर ने की तैयारियों की समीक्षा

रविवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्र के दौरान सभी कार्य सुचारू रूप से संपन्न हों।

सचिवालय में पहुंचे 1,497 प्रश्न

विधानसभा सचिवालय को अब तक कुल 1,497 प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इनमें 751 तारांकित और 746 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा—

  • 194 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
  • 6 स्थगन प्रस्ताव
  • 14 अशासकीय संकल्प
  • 52 शून्यकाल सूचनाएं
  • नियम 139 के तहत 2 सूचनाएं
  • 15 याचिकाएं
    भी प्राप्त हुई हैं। सचिवालय में 2 शासकीय विधेयक भी जमा हुए हैं। इन आंकड़ों से संकेत मिल रहा है कि सत्र बेहद सक्रिय और बहसों से भरा रहेगा।

सरकार को घेरने की रणनीति में विपक्ष

कांग्रेस ने विधायकों की बैठक बुलाकर सत्र को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर ली है। विपक्ष सरकार को कई मुद्दों पर कठघरे में खड़ा करने की तैयारी में है, जिनमें प्रमुख हैं—

  • छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड
  • किसानों की समस्याएं
  • MSP पर धान–सोयाबीन खरीद में गड़बड़ी
  • खाद की कमी
  • बेरोजगारी
  • कानून-व्यवस्था की स्थिति
  • दलित–आदिवासी अत्याचार
  • विभिन्न घोटाले और भ्रष्टाचार

कांग्रेस ने सत्र की अवधि पाँच दिन बढ़ाने की मांग भी की है, हालांकि इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है।

गर्म रहने वाले सत्र के संकेत

चार दिनों की बैठक वाले इस संक्षिप्त सत्र में जहां सरकार अपने महत्वपूर्ण विधेयक और बजट लाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष अपनी पूरी ताकत के साथ सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। 1,497 सवालों, दर्जनों प्रस्तावों और संवेदनशील मुद्दों के चलते इस बार का शीतकालीन सत्र काफी गर्म रहने के संकेत दे रहा है।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!