Re. No. MP-47–0010301

संजय टाइगर रिजर्व में फिर हुई दो बाघों की मौत, क्षत-विक्षत मिले शव 

संजय टाइगर रिजर्व में फिर हुई दो बाघों की मौत, क्षत-विक्षत मिले शव 

सीधी- संजय टाइगर रिजर्व में एक बार फिर बाघों की मौत की दर्दनाक घटना सामने आई है। दुबरी वन परिक्षेत्र के उत्तर वीट डेवा के घने जंगलों में गुरुवार सुबह बाघिन टी-60 के दो शावकों के क्षत-विक्षत शव मिले। घटना से पूरे वन विभाग में हड़कंप मच गया है और रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, नियमित गश्त पर निकली हाथी पेट्रोलिंग टीम ने झाड़ियों के बीच असामान्य हलचल देखी। जब टीम मौके पर पहुंची तो दोनों शावक मृत अवस्था में पड़े मिले। उनके शरीर पर बड़े शिकारी के हमले के स्पष्ट निशान थे, जो किसी हिंसक संघर्ष की ओर इशारा करते हैं।

वन विभाग की प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि दोनों शावकों की मौत टेरिटरी विवाद का परिणाम है। पिछले कई दिनों से इस इलाके में एक नए नर बाघ की मूवमेंट दर्ज की जा रही थी। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, नर बाघ अक्सर अपने प्रभुत्व को स्थापित करने के लिए प्रतिद्वंद्वी बाघिनों के शावकों पर हमला करते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर बाघ ने शावकों को मारने के बाद उनके शरीर के कुछ हिस्से खाए थे।

घटना के बाद बाघिन टी-60 को शवों के पास बेचैन अवस्था में घूमते देखा गया। वह लगातार गुर्रा रही थी और अपने मृत शावकों के करीब पहुंचने की कोशिश कर रही थी। उसकी आक्रामकता को देखते हुए पेट्रोलिंग टीम ने हाथियों की मदद से शवों को सुरक्षित कब्जे में लिया। इसके बाद फॉरेस्ट टीम ने मौके पर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की। गुरुवार देर रात दोनों शावकों का जंगल में वन नियमों के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया।

वन विभाग ने घटना के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। नए नर बाघ की गतिविधियों को लगातार ट्रैक किया जा रहा है, ताकि बाघिन टी-60 और अन्य वन्यजीवों को कोई खतरा न हो। विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना संजय टाइगर रिजर्व में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और वन्यजीव संतुलन में तेजी से हो रहे बदलाव का संकेत है।

सुधीर मिश्रा, SDO, संजय टाइगर रिजर्व ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना पूरी तरह से टेरिटरी विवाद का मामला प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग और सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है।

दो शावकों की इस दर्दनाक मौत ने एक बार फिर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था और बाघों की मॉनिटरिंग पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग अब घटना की विस्तृत जांच कर रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!