सीधी में देर रात तेज डीजे पर पुलिस की कार्रवाई, साउंड सिस्टम जब्त
सीधी-शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोतवाली पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए शनिवार देर रात कोतरकला क्षेत्र में बिना वैध अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से साउंड सिस्टम जब्त कर मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली कि सूर्यनारायण गुप्ता के घर के पास अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बज रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में शोरगुल और अव्यवस्था फैल रही है। सूचना की तस्दीक के लिए थाना कोतवाली सीधी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक अपने हमराही स्टाफ प्रधान आरक्षक 379 जयराम सैनी के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर शिवेन्द्र गुप्ता (25), निवासी कोतरकला, रात करीब 12.20 बजे तेज ध्वनि में डीजे बजाते पाए गए। डीजे संचालन से संबंधित वैध अनुमति मांगे जाने पर वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम 1985 की धारा 7/15 के अंतर्गत कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान रोहणी जायसवाल (26) और आशीष यादव (30) को स्वतंत्र गवाह बनाया गया। पुलिस ने रात 12.50 बजे मौके से एक एम्पलीफायर, एक मिक्सर और दो 12 इंच के साउंड बॉक्स विधिवत जब्ती पत्रक के तहत जब्त कर थाने लाकर सुपुर्द किए।
थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से आम नागरिकों को राहत देने और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है। प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।








