Re. No. MP-47–0010301

उपार्जन केंद्र बरका का तहसीलदार ने किया निरीक्षण, खराब धान मिलने पर लगाई फटकार

उपार्जन केंद्र बरका का तहसीलदार ने किया निरीक्षण, खराब धान मिलने पर लगाई फटकार

सरई।
कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल के निर्देशन में जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। शासन की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उपार्जन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसी क्रम में शनिवार को तहसीलदार सरई श्री चन्द्रशेखर मिश्रा ने उपार्जन केंद्र बरका का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भंडारण व्यवस्था, धान की गुणवत्ता जांच, सुरक्षा इंतजामों और मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के समय धान की बोरियां अव्यवस्थित पाए जाने पर तहसीलदार ने समिति प्रबंधक और उपार्जन टीम को फटकार लगाते हुए तत्काल बोरियों को निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि धान उपार्जन से पूर्व उसकी अनिवार्य रूप से ग्रेडिंग, नमी की जांच और गुणवत्ता परीक्षण किया जाए। मौके पर लाई गई धान की बोरियों की ग्रेडिंग कराई गई, जिसमें कुछ किसानों का धान एन ग्रेड और मानक से कम पाया गया। ऐसे धान को नियमानुसार रिजेक्ट कर दिया गया और संबंधित किसानों को धान सुखाकर पुनः लाने की सलाह दी गई।

उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर तहसीलदार ने बोरियों की विधिवत टैगिंग कर उन्हें सिलकर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तौल कार्य के लिए पर्याप्त मजदूरों की व्यवस्था, बोरों की उपलब्धता और उपार्जन केंद्र पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा उपार्जन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से तहसीलदार ने उपार्जन केंद्र के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए, ताकि निगरानी व्यवस्था और मजबूत हो सके।

उपार्जन समिति बरका में अब तक कुल 11,996 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है। तहसीलदार ने स्पष्ट कहा कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों के हितों की रक्षा करते हुए शासन की योजनाओं का सख्ती व संवेदनशीलता के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!