Re. No. MP-47–0010301

ठंड के चलते बदला स्कूलों का समय, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

ठंड के चलते बदला स्कूलों का समय, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सिंगरौली। जिले में लगातार बढ़ रही सर्दी और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री गौरव बैनल द्वारा आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत जिले में नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं अब प्रातः 9 बजे से संचालित होंगी।

जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा एवं शासन से मान्यता प्राप्त अन्य विद्यालयों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं 15 दिसंबर 2025 से प्रातः 9 बजे से पहले संचालित नहीं की जाएंगी। यह व्यवस्था सर्दी के प्रभाव को देखते हुए लागू की गई है।

कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि माध्यमिक स्तर तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से पहले नहीं लगाई जाएंगी, ताकि छोटे बच्चों को अत्यधिक ठंड और कोहरे से बचाया जा सके। जिला प्रशासन का मानना है कि सुबह के समय अधिक ठंड होने के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। ठंड के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम की सराहना की जा रही है।


Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!