Re. No. MP-47–0010301

सीधी के संजय सहित समस्त टाइगर रिजर्व में मोबाइल फोन हुआ बैन

सीधी के संजय सहित समस्त टाइगर रिजर्व में मोबाइल फोन हुआ बैन
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में वन विभाग ने लागू किया नियम

सीधी। सीधी के संजय टाइगर रिजर्व, सहित तमाम टाइगर रिजर्वो में अब टाइगर सफारी के दौरान पर्यटकों के लिए मोबाइल फोन ले जाना और उसका उपयोग करना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह आदेश प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के आदेश के अनुपालन में जारी किया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार, माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा टी.एन. गोदावर्मन बनाम भारत संघ एवं अन्य प्रकरण में 17 नवंबर 2025 को पारित निर्णय के बिंदु क्रमांक 48.5 में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि टाइगर रिजर्व के कोर हैबिटेट के पर्यटन क्षेत्रों में मोबाइल फोन का उपयोग अनुमति योग्य नहीं होगा। इसी के तहत समस्त टाइगर रिजर्व समेत संजय टाइगर रिजर्व के सभी पर्यटन मार्गों और सफारी क्षेत्रों में यह प्रतिबंध प्रभावी कर दिया गया है।

संजय टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा बताया गया कि अब सफारी पर जाने वाले पर्यटक मोबाइल फोन अपने साथ नहीं रख सकेंगे और न ही सफारी के दौरान किसी भी प्रकार का मोबाइल उपयोग किया जा सकेगा। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि फोटोग्राफी के लिए पर्यटक कैमरे का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन मोबाइल फोन से फोटो या वीडियो बनाना प्रतिबंधित रहेगा।

वन विभाग ने संजय टाइगर रिजर्व के सभी गेट, प्रवेश बिंदुओं और सफारी मार्गों पर इस आदेश की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सफारी पर जाने से पहले पर्यटकों को नियमों की जानकारी देना अनिवार्य किया गया है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पर्यटकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वन अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन के उपयोग से वन्यजीवों की गतिविधियों में बाधा उत्पन्न होती है और शोर व रोशनी से प्राकृतिक वातावरण प्रभावित होता है। मोबाइल पर प्रतिबंध से वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

संजय टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सफारी के दौरान वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मोबाइल फोन का उपयोग न कर सहयोग प्रदान करें, ताकि टाइगर रिजर्व की जैव विविधता और वन्यजीवों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।


Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!