रीवा में अवैध विस्फोटक की बड़ी खेप पकड़ी, 400 डेटोनेटर के साथ पुरुष-महिला गिरफ्तार
रीवा। जिले के डभौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध विस्फोटक तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। सोमवार रात पुलिस ने उत्तर प्रदेश से ट्रेन के माध्यम से विस्फोटक ला रहे एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 400 डेटोनेटर, केबल सहित अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान को अवैध विस्फोटक तस्करी की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने टीम गठित कर जाल बिछाया। सोमवार रात जनता एक्सप्रेस से आरोपी जैसे ही डभौरा रेलवे स्टेशन पहुंचे और बाजार क्षेत्र की ओर बढ़े, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद दो थैलों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मानिकपुर से लाई गई थी खेप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद मांझी, निवासी सोहागी और पूजा मांझी, निवासी छदेनी, जवा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों उत्तर प्रदेश के मानिकपुर से विस्फोटक सामग्री लेकर आए थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस सामग्री को क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों को बेचते थे।
अवैध खनन में होता था इस्तेमाल
पुलिस ने बताया कि डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री का उपयोग अवैध खनन में चट्टानों को तोड़ने के लिए किया जाता है। खनन माफिया बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के विस्फोट कर कम समय में अधिक मात्रा में खनिज निकालते हैं।
पहले भी ला चुके हैं खेप
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि वे पहले भी इसी तरह मानिकपुर से विस्फोटक सामग्री लाकर जनता एक्सप्रेस के माध्यम से डभौरा पहुंचाते रहे हैं और अब तक पुलिस की नजर से बचते रहे थे।
डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विस्फोटक सामग्री की सप्लाई श्रृंखला और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।








