Re. No. MP-47–0010301

देवसर बाजार में रफ्तार का कहर, ट्रक ने युवक की ली जान

देवसर बाजार में रफ्तार का कहर, ट्रक ने युवक की ली जान

एनएच-39 पर तीन घंटे चक्का जाम, विधायक व प्रशासन ने दिया आश्वासन

सिंगरौली। जिले के देवसर बाजार क्षेत्र में सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जियावन थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर चक्का जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, देवसर बाजार क्षेत्र में खड़ौरा निवासी वैद्य शुक्ला को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर फैलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंच गए और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए।

चक्का जाम के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही जियावन थाना प्रभारी, एसडीओपी चितरंगी और सरई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि देवसर बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को तीन दिनों के भीतर हटाया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर रात चक्का जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल किया गया।

इसी दौरान सिहावल विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हो सके और भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

घटना के बाद देवसर बाजार क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!