तालाब में मिला तेंदुए का शव, पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू
रीवा। जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय तालाब में एक तेंदुए का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। तालाब में तेंदुए का शव देखे जाने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सुरक्षा इंतजामों के साथ तालाब से तेंदुए के शव को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान भीड़ को नियंत्रित किया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मृत तेंदुए की उम्र करीब 4 से 5 वर्ष आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
रेस्क्यू के बाद तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुकुंदपुर टाइगर सफारी भेजा गया, जहां नियमानुसार परीक्षण किया गया। पोस्टमार्टम के उपरांत अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई, जबकि बिसरा सैंपल को जांच के लिए जबलपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के जंगलों से कई बार वन्य जीव आबादी क्षेत्र की ओर आ जाते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्य जीव दिखने पर स्वयं कोई जोखिम न उठाएं और तुरंत विभाग को सूचना दें।








