Re. No. MP-47–0010301

सीधी:लापरवाही पर सख्त हुए एसडीएम, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर और सीएचओ को नोटिस की तैयारी

सीधी:लापरवाही पर सख्त हुए एसडीएम, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर और सीएचओ को नोटिस की तैयारी

कुसमी। सीधी जिले के कुसमी जनपद पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से एसडीएम विकास कुमार आनंद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबे समय से शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले सेक्टर मेडिकल ऑफिसर और सीएचओ पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसडीएम ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी अंतर्गत सभी सीएचओ अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सेवाएं दें। सभी गर्भवती महिलाओं की प्रथम त्रैमास में पहचान कर पंजीयन सुनिश्चित करने, गर्भावस्था के दौरान कम से कम चार बार जांच कराने और चार एएनसी का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश बीएमओ को दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का अनमोल पोर्टल में पंजीयन किया जाए। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप लिया जाए, जिससे मातृ मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सके। जिन सेक्टर मेडिकल ऑफिसर और सीएचओ द्वारा फॉलोअप नहीं किया जा रहा है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं को संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीएम ने कहा कि प्रसव के बाद आशा कार्यकर्ता द्वारा 42 दिनों में अनिवार्य रूप से सात गृह भेंट की जाएं और प्रारंभिक जांच के साथ उचित पोषण आहार को लेकर परामर्श दिया जाए। आयरन की कमी वाली महिलाओं को आयरन सुक्रोज अथवा एफसीएम देकर उपचार करने और पोषण संबंधी काउंसिलिंग के निर्देश भी दिए गए, ताकि जच्चा-बच्चा स्वस्थ रह सके।

पोषण पुनर्वास केंद्र में बेड ऑक्युपेंसी 100 प्रतिशत रखने के निर्देश देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया। आयुष्मान कार्ड सैचुरेशन की समीक्षा में 70 वर्ष से अधिक आयु के केवल 48 प्रतिशत बुजुर्गों के कार्ड बने पाए गए, जिस पर घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। इसकी मॉनिटरिंग प्रत्येक मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में की जाएगी।

एसडीएम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में साप्ताहिक समीक्षा बैठक, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर द्वारा 15 दिन में मैदानी अमले की समीक्षा तथा बीएमओ द्वारा ब्लॉक स्तर पर मासिक समीक्षा बैठक अनिवार्य करने के निर्देश दिए। बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण, टीबी मरीजों की पहचान, निक्षय आईडी बनाकर उपचार और पोषण बास्केट के लिए लोगों को प्रेरित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

एसडीएम ने चेतावनी दी कि वे स्वयं फील्ड में जाकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जांच करेंगे, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें और रिकॉर्ड दुरुस्त रखें। बैठक में डॉक्टर सुधीर गुप्ता, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर, बीईई, बीसीएम एवं सीएचओ उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!