ग्राम पंचायतों में जल्द होगी ग्राम रोजगार सहायकों की भर्ती
भोपाल। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय घोषित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में ग्राम रोजगार सहायक के रिक्त पदों पर इसी वर्ष भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
मंत्री श्री पटेल ने बताया कि ग्राम रोजगार सहायक ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। लंबे समय से रिक्त पड़े पदों के कारण ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य प्रभावित हो रहा था, जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जहां सचिव के पद रिक्त हैं उन्हें भी भरा जाएगा इसमें आधे पदों को रोजगार सहायकों के द्वारा भरा जाएगा जबकि आधे पद प्रतियोगी परीक्षाओं से भरे जाएंगे। इसके लिए आगामी दो महीनों में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से एक ओर जहां पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं ग्रामीण युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि ग्राम पंचायतों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने यह भी कहा कि बीते दो वर्षों में राज्य सरकार ने विकास और सेवा को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी निर्णय लिए हैं। ग्राम रोजगार सहायकों की भर्ती का यह निर्णय भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।








