Re. No. MP-47–0010301

सीधी:बेहतर कार्य करने वाले नपा वार्ड प्रभारियों का उपाध्यक्ष ने किया सम्मान

सीधी:बेहतर कार्य करने वाले नपा वार्ड प्रभारियों का उपाध्यक्ष ने किया सम्मान
लोक अदालत में अब तक की सबसे बड़ी वसूली पर जताया हर्ष

सीधी। नगर पालिका परिषद सीधी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी कर वसूली को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष दान बहादुर सिंह चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बेहतर कार्य करने वाले वार्ड प्रभारियों का सम्मान किया। यह सम्मान नगर पालिका परिषद स्थित उपाध्यक्ष के कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्री चौहान ने कहा कि नगर पालिका परिषद सीधी द्वारा लोक अदालत के माध्यम से की गई रिकॉर्ड कर वसूली यह दर्शाती है कि सभी वार्ड प्रभारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों द्वारा राजस्व वसूली के क्षेत्र में किए गए सराहनीय प्रयास नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उपाध्यक्ष ने बताया कि जिला न्यायालय में आयोजित लोक अदालत के माध्यम से ऐसे करदाताओं को बुलाया गया था, जिनके द्वारा लंबे समय से विभिन्न मदों की बकाया कर राशि जमा नहीं की जा रही थी। वार्ड प्रभारियों के सतत प्रयासों से बड़ी संख्या में नगरवासियों ने छूट का लाभ लेते हुए बकाया कर राशि जमा की, जिससे एक ही दिन में लगभग 28 लाख रुपये की वसूली संभव हो सकी। यह राशि नगर के विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी।

श्री चौहान ने कहा कि अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया जाना चाहिए, इससे उनमें कार्य के प्रति उत्साह बढ़ता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने वार्ड प्रभारियों को स्वयं के व्यय से नगद राशि एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ समाजसेवी एवं संविदाकार रामदुलारे चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे।

इनका किया गया सम्मान
लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न मदों की बकाया वसूली में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिन वार्ड प्रभारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उनमें ललोहर साहू, वंशराज सिंह, अजीत सिंह चौहान, बृजेश सिंह गोरे, अरविंद पाठक, लालजी सिंह, रामू नापित, महेन्द्र सिंह, जयप्रकाश सिंह, अमरेंद्र पटेल, दिनेश पाण्डेय (जलकर प्रभारी) एवं विकास सिंह (कंप्यूटर ऑपरेटर) शामिल हैं।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!