चलती बाइक में विस्फोट, डेटोनेटर ले जा रहे युवक की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत
सीधी-मध्यप्रदेश के सीहोर जिले से सामने आए एक सनसनीखेज हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। इछावर थाना क्षेत्र अंतर्गत इछावर–आष्टा मार्ग पर रामनगर गांव के पास रविवार सुबह चलती मोटरसाइकिल में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक के दोनों पैरों के चीथड़े उड़ गए और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विस्फोट के बाद मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमली निवासी सुखराम बरेला (30 वर्ष) रविवार सुबह अपनी बाइक क्रमांक MP 37 MN 4489 से रामनगर की ओर जा रहा था। वह पेशे से कुओं में ब्लास्टिंग का कार्य करता था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक अपने साथ भारी मात्रा में डेटोनेटर ले जा रहा था। सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच जैसे ही वह रामनगर के पास गिट्टी मशीन क्षेत्र में पहुंचा, तभी उसकी बाइक में अचानक तेज धमाका हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां युवक गंभीर हालत में पड़ा था। विस्फोट के कारण उसके शरीर का कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और कुछ ही पलों में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इछावर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। घटनास्थल पर बिखरे बाइक के जले हुए हिस्सों और क्षतिग्रस्त सामान की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर डेटोनेटर फटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोटक की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक विस्फोटक सामग्री कहां से और किस उद्देश्य से ले जा रहा था। वहीं एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि घटनास्थल के आसपास कोई अन्य संदिग्ध या संवेदनशील वस्तु नहीं मिली है।
इस घटना के बाद अवैध विस्फोटक सामग्री के परिवहन और उपयोग को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।








