Re. No. MP-47–0010301

संजय टाइगर रिजर्व में दो नर बाघों की जंग, पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया दुर्लभ नजारा

संजय टाइगर रिजर्व में दो नर बाघों की जंग, पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया दुर्लभ नजारा

सीधी। वर्ष 2025 के आखिरी दिन संजय टाइगर रिजर्व, सीधी में सुबह की सफारी पर निकले पर्यटक एक रोमांचक और दुर्लभ घटना के गवाह बने। पार्क के अंदर प्रवेश करते ही पर्यटकों की जिप्सियों के सामने दो नर बाघों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर भीषण संघर्ष चलता नजर आया।

यह घटना दुबरी परिक्षेत्र की बहेरवार बीट, कक्ष क्रमांक आरएफ-166 की है। संघर्षरत बाघों की पहचान टी-56 और दुबरी परिक्षेत्र में हाल ही में आए नए नर बाघ के रूप में की गई है। पर्यटकों ने इस दुर्लभ क्षण को अपने कैमरों में कैद किया।

संघर्ष में घायल हुए बाघों की निगरानी के लिए वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। तीन हाथियों, दो जिप्सियों और लगभग 25 कर्मचारियों की टीम लगातार मौके पर तैनात है। संजय टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

वन अधिकारियों के अनुसार रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ने के कारण इस तरह के आपसी संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले भी नर बाघ टी-61 और मादा बाघ टी-60 के बीच संघर्ष की घटना हुई थी। टाइगर इकोलॉजी के अनुसार वर्चस्व और क्षेत्रीय प्रभुत्व स्थापित करने के लिए ऐसे संघर्ष प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जो जंगल में “सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट” के सिद्धांत को दर्शाते हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!