Re. No. MP-47–0010301

मध्यप्रदेश में भीषण ठंड और घना कोहरा, भोपाल में दृश्यता 20 मीटर से कम

मध्यप्रदेश में भीषण ठंड और घना कोहरा, भोपाल में दृश्यता 20 मीटर से कम

भोपाल। मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। रविवार की सुबह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे की मोटी चादर छाई रही। राजधानी भोपाल में सोमवार को इस सीजन का अब तक का सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया, जहां दृश्यता घटकर 20 मीटर से भी कम रह गई। रविवार को भी दिनभर घना कोहरा बना रहा, जिससे सड़क यातायात और जनजीवन प्रभावित हुआ।

ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, उमरिया, राजगढ़ सहित कई जिलों में शीतलहर (कोल्ड वेव) का प्रभाव देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक प्रदेश में ठंड और कोहरे का यही दौर बने रहने की संभावना है।

सोमवार सुबह भोपाल के साथ-साथ इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, रायसेन, शाजापुर, विदिशा, सागर, दमोह, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया और कटनी जिलों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं दिन के समय राजगढ़, दतिया, छतरपुर और उमरिया जिलों में कोल्ड वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

ठंड के चलते स्कूलों में अवकाश

तेज सर्दी और बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए प्रदेश के 17 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इंदौर में कक्षा 1 से 8 तक तीन दिन का अवकाश रहेगा। उज्जैन में नर्सरी से पांचवीं तक एक दिन की छुट्टी दी गई है। मंदसौर में नर्सरी से आठवीं तक दो दिन का अवकाश रहेगा।

शाजापुर और विदिशा में नर्सरी से आठवीं (विदिशा में पांचवीं तक) के स्कूलों में 5 और 6 जनवरी को अवकाश रहेगा। ग्वालियर में भी नर्सरी से आठवीं तक 5 और 6 जनवरी को छुट्टी रहेगी, जबकि 7 जनवरी से स्कूल पुनः संचालित होंगे। अशोकनगर में 5 जनवरी को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

रायसेन में नर्सरी से पांचवीं तक 7 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा आगर मालवा, भिंड, टीकमगढ़, हरदा, नीमच, रतलाम, राजगढ़ और मंडला जिलों में भी नर्सरी से आठवीं तक दो दिन का अवकाश रहेगा। जबलपुर में नर्सरी से आठवीं तक 5 और 6 जनवरी को छुट्टी रहेगी, हालांकि परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।

भोपाल और धार में बदली स्कूल टाइमिंग

राजधानी भोपाल में नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल सुबह 9.30 बजे के बाद संचालित होंगे। धार जिले में भी नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं 9.30 बजे के बाद लगेंगी, जबकि 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का समय यथावत रहेगा।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!