कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग से कितना होगा फायदा – बड़ा अपडेट
भोपाल। मध्यप्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग को लेकर बड़ी पहल शुरू हो गई है। राज्य कर्मचारी संघ ने 8वें वेतन आयोग से कर्मचारियों को मिलने वाले संभावित लाभों का आकलन करने का निर्णय लिया है। इसके लिए संघ स्तर पर विशेषज्ञों के साथ मंथन किया जाएगा और विस्तृत अध्ययन के बाद राज्य सरकार को सुझाव सौंपे जाएंगे।
राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के अनुसार 6वें और 7वें वेतन आयोग के आधार पर तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि नए वेतन आयोग के लागू होने पर कर्मचारियों और पेंशनर्स को कितना आर्थिक लाभ मिल सकता है। इस अध्ययन में वेतनमान, भत्ते और पेंशन से जुड़े पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
सरकार को सौंपा जाएगा प्रस्ताव
संघ का कहना है कि तैयार रिपोर्ट को मुख्यमंत्री कार्यालय, सामान्य प्रशासन विभाग और वित्त विभाग को सौंपा जाएगा, ताकि समय रहते राज्य कर्मचारियों के हित में आवश्यक निर्णय लिए जा सकें। कर्मचारी संगठन चाहता है कि केंद्र के अनुरूप राज्य में भी वेतन आयोग की प्रक्रिया समय पर शुरू हो।
केंद्र में गठित हो चुका है 8वां वेतन आयोग
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार स्तर पर 8वें वेतन आयोग का गठन किया जा चुका है। आयोग को निर्धारित समय में अपनी सिफारिशें सौंपनी हैं, जिसके बाद केंद्र सरकार निर्णय लेगी। इसी के मद्देनजर मध्यप्रदेश के कर्मचारी संगठन अभी से तैयारी में जुट गए हैं।
कर्मचारियों में बढ़ी उम्मीद
8वें वेतन आयोग को लेकर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स में वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी की उम्मीद जगी है। कर्मचारी संघों का मानना है कि महंगाई को देखते हुए नए वेतन आयोग से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।








