Re. No. MP-47–0010301

सीधी में तीन दिन बंद रहेंगे स्कूल, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सीधी में तीन दिन बद रहेंगे स्कूल, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सीधी। जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीधी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल सहित समस्त बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश में बताया गया है कि तापमान में लगातार गिरावट और ठंड के प्रतिकूल असर को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अवकाश के दौरान शिक्षकों को नियमित रूप से अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहकर अन्य शासकीय कार्यों का संपादन करना होगा। वहीं परीक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग, जिला शिक्षा अधिकारी सीधी, जिला पंचायत सीधी सहित संबंधित अधिकारियों एवं जिले के सभी शासकीय व अशासकीय विद्यालयों को सूचनार्थ भेजी गई है।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे ठंड के इस मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और आवश्यक सावधानियां बरतें।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!