Re. No. MP-47–0010301

कलेक्टर का सख्त एक्शन, तहसीलदार कोर्ट की लापरवाही पर गिरी गाज

कलेक्टर का सख्त एक्शन, तहसीलदार कोर्ट की लापरवाही पर गिरी गाज

सिंगरौली,
तहसीलदार न्यायालयों में लंबे समय से चली आ रही लापरवाही और अनियमितताओं पर कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय सरई में राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तहसीलदार को कलेक्ट्रेट कार्यालय से अटैच कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि कोर्ट रीडर को निलंबित कर दिया गया है।

कलेक्टर श्री बैनल ने तहसील कार्यालय सरई पहुंचकर तहसीलदार कोर्ट में लंबित राजस्व प्रकरणों का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में प्रकरण कई महीनों से लंबित हैं। कई मामलों में पारित आदेशों का पालन नहीं किया गया, वहीं कुछ प्रकरणों में पेशी तक नहीं कराई गई। इससे स्पष्ट हुआ कि तहसीलदार कोर्ट नियमित रूप से संचालित नहीं हो रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार सरई चंद्रशेखर मिश्रा को तत्काल प्रभाव से कलेक्ट्रेट कार्यालय में संलग्न करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके साथ ही तहसीलदार कोर्ट के रीडर पुष्पेंद्र द्विवेदी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद कलेक्टर ने तहसील सरई के वृत्त खनुआ स्थित नायब तहसीलदार कोर्ट का भी निरीक्षण किया। यहां भी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनियमितता पाए जाने पर नायब तहसीलदार वृत्त खनुआ देवकरण सिंह और संबंधित कोर्ट रीडर लखपति सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बैनल ने उपखंड अधिकारी देवसर को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का दो दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा न्यायालयीन कार्यों का नियमित और सुचारू संचालन किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर न्याय मिल सके।

कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई से राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है और स्पष्ट संदेश गया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!