Re. No. MP-47–0010301

चुरहट वन परिक्षेत्र में दो तेंदुओं की मौत, वन विभाग में हड़कंप; शिकार के आरोप में तीन गिरफ्तार

चुरहट वन परिक्षेत्र में दो तेंदुओं की मौत, वन विभाग में हड़कंप; शिकार के आरोप में तीन गिरफ्तार

सीधी।
सीधी वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र चुरहट के बीट चुरहट क्षेत्र में दो तेंदुओं के मृत पाए जाने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। यह घटना 4 जनवरी 2026 की है, जब नियमित गश्ती के दौरान सुरक्षा श्रमिकों ने जंगल क्षेत्र में दो तेंदुओं को मृत अवस्था में देखा। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ वन अधिकारियों को दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त रीवा के निर्देशन एवं वनमंडल अधिकारी सीधी के मार्गदर्शन में उप वनमंडल अधिकारी मझौली तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी चुरहट द्वारा निर्धारित मानक कार्यप्रणाली के अनुसार कार्रवाई की गई। प्रोटोकॉल के तहत दोनों मृत तेंदुओं का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद नियमानुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए संजय टाइगर रिजर्व सीधी एवं वनमंडल सतना से डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया। वन परिक्षेत्र चुरहट के अमले एवं वनमंडल सीधी के कर्मचारियों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

जांच के दौरान तेंदुओं के शिकार में संलिप्त तीन आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय चुरहट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग ने इस घटना को गंभीर वन्यजीव अपराध मानते हुए क्षेत्र में निगरानी और गश्त को और सख्त कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!