जी राम जी योजना से गांवों को मिलेगा नया संबल, 125 दिनों के रोजगार की गारंटी
भोपाल-
मध्यप्रदेश सरकार की जी राम जी योजना को ग्रामीण विकास की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस योजना के तहत प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी दी जाएगी, जिससे गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जी राम जी योजना के लागू होने से गांवों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को काम के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह योजना वर्तमान रोजगार योजनाओं की तुलना में अधिक प्रभावी होगी, क्योंकि इसमें रोजगार के दिनों की संख्या बढ़ाने के साथ गांवों के समग्र विकास पर जोर दिया गया है।
योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, सड़क निर्माण, भवन निर्माण, पंचायत परिसरों का विकास, खेत तालाब, चेकडैम सहित अन्य सामुदायिक कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे एक ओर जहां रोजगार सृजन होगा, वहीं दूसरी ओर गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी होगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र ग्रामीण को निर्धारित अवधि में रोजगार उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो उसे नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता भी प्रदान किया जाएगा। इससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
राज्य सरकार ने योजना के क्रियान्वयन में ग्राम पंचायतों की भूमिका को अहम बताया है। पंचायतें स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्यों का चयन करेंगी और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जी राम जी योजना से गांव आत्मनिर्भर बनेंगे, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे।








