Re. No. MP-47–0010301

जिले में अपराधियों पर सख्ती, 6 आदतन बदमाश एक साल के लिए जिला बदर

जिले में अपराधियों पर सख्ती, 6 आदतन बदमाश एक साल के लिए जिला बदर

मऊगंज-
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने 6 आदतन अपराधियों को एक वर्ष के लिए मऊगंज जिले की सीमा से बाहर कर दिया है। वहीं एक अन्य अपराधी को एक साल तक प्रत्येक 15 दिन में थाना मऊगंज में उपस्थित होकर हाजिरी देने के निर्देश दिए गए हैं।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के तहत की गई है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में लगातार सामने आ रही आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। कलेक्टर द्वारा यह आदेश एसपी की रिपोर्ट के आधार पर जारी किए गए हैं।

प्रशासन द्वारा जिस आरोपी को नियमित हाजिरी देने के आदेश दिए गए हैं, उसका नाम विपिन है। उसके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, अवैध हथियार रखने और अवैध शराब बिक्री सहित कुल 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लगातार कार्रवाई के बावजूद उसकी गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही थी, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।

लोक शांति और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिन 6 आदतन अपराधियों को जिला बदर किया गया है, उनमें कृष्ण कुमार उर्फ लल्लू केवट निवासी ग्राम बरावं, सद्दाम हुसैन निवासी ग्राम देवरा, सोनू उर्फ सानू उर्फ राहुल खान निवासी ग्राम ठुर्रिहा, अजय सिंह उर्फ अज्जू निवासी गनिगवां, पुरुषोत्तम उर्फ पारितोष पाण्डेय निवासी ग्राम शिवपुरवा टिकरी तथा ऋगवेश मिश्रा निवासी ग्राम घुरेहटा शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार इन सभी अपराधियों के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सख्त कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!