Re. No. MP-47–0010301

सीधी में वन कटाई का मामला, डीबीएल कंपनी पर प्रशासनिक मेहरबानी के आरोप

सीधी में वन कटाई का मामला, डीबीएल कंपनी पर प्रशासनिक मेहरबानी के आरोप

सीधी/बघवार।
वन मंडल पश्चिम सीधी के अंतर्गत चुरहट रेंज के बघवार सर्किल क्षेत्र में स्थित कैमूर पहाड़ की वन संपदा को गंभीर नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। नल-जल योजना के क्रियान्वयन की एजेंसी डीबीएल कंपनी द्वारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वन प्रजाति के वृक्षों की कटाई और अनियंत्रित खुदाई किए जाने की बात सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभागों को जानकारी दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

यह आरोप जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा ने जारी विज्ञप्ति के माध्यम से लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर को वन मंडलाधिकारी पश्चिम सीधी को पत्र भेजकर अवगत कराया गया था कि ग्राम पंचायत पटना की सीमा से लगे क्षेत्र में डीबीएल कंपनी द्वारा हजारों की संख्या में वन प्रजाति के पेड़ों को काटा गया है। साथ ही मनमाने तरीके से खुदाई कर पत्थर और मुरूम का उपयोग किया जा रहा है, जो शासन के निर्धारित मानकों के विपरीत है।

विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि बाणसागर परियोजना की नहर के पूर्वी किनारे सुरक्षित 30 मीटर पटरी भूमि पर कथित रूप से अनाधिकृत रूप से पानी की टंकी का निर्माण किया गया है। इसके अलावा नहर सड़क मार्ग के किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई को भी अत्यंत जोखिमपूर्ण बताया गया है।

ऋषिराज मिश्रा का कहना है कि कैमूर पहाड़ की लगभग एक किलोमीटर परिधि में कंपनी द्वारा मनमानी ढंग से वन संपदा को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होना विभागीय लापरवाही या मिलीभगत की ओर इशारा करता है।

उन्होंने बताया कि 6 जनवरी को इस पूरे मामले से संभागायुक्त एवं वन संरक्षक रीवा को भी अवगत कराया गया है। जनप्रतिनिधि ने समय रहते जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि वन संपदा की आगे होने वाली क्षति को रोका जा सके।

Leave a Comment

error: Content is protected !!