Sidhi: रामपुर नैकिन में तेज रफ्तार बाइक 30 फीट गहरी नहर में गिरी, दो युवक बाल-बाल बचे
ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान, बाइक भी नहर से निकाली गई
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत रायखोर गांव में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी नहर में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक भितरी गांव से रामपुर नैकिन की ओर सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान रायखोर गांव के पास तेज गति के कारण बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे नहर में गिर गई। नहर में पानी होने के कारण गिरने का असर कुछ कम हुआ, जिससे दोनों युवकों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
प्रत्यक्षदर्शी शिवेंद्र शुक्ला ने बताया कि उन्होंने बाइक को तेज रफ्तार में आते देखा और कुछ ही पलों में वह नहर में गिर गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से बाइक को भी नहर से बाहर निकाल लिया गया।
एक युवक की पहचान सत्येंद्र यादव के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक ने अपना नाम नहीं बताया है।
https://www.facebook.com/share/r/1LRKt3DULm/
इस संबंध में रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि प्रारंभ में पुलिस को घटना की सूचना नहीं मिली थी। बाद में जानकारी मिलने पर पुष्टि की गई कि दो युवक बाइक सहित नहर में गिरे थे। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और न ही किसी युवक को गंभीर चोट आई है। तेज रफ्तार के कारण बाइक सीधे पानी में गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। युवकों के सुरक्षित बचाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
https://sidhi24news.in/archives/28401








