Sidhi News: सीधी में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप, भू-अर्जन अधिकारी भूपेन्द्र पांडेय 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
सीधी। Sidhi News के तहत आज जिले में लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक परियोजना भू-अर्जन अधिकारी भूपेन्द्र पांडेय को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह ट्रैप कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) फोरलेन सड़क चौड़ीकरण में जमीन के मुआवजे से जुड़े मामले में की गई।
27 लाख के मुआवजे में 50 प्रतिशत की मांग
जानकारी के अनुसार फरियादी शिव बहोर तिवारी निवासी सदला ने लोकायुक्त रीवा से शिकायत की थी कि फोरलेन सड़क निर्माण में उसकी जमीन अधिग्रहित हुई है, जिसका कुल मुआवजा 27 लाख रुपये निर्धारित हुआ है। आरोप है कि मुआवजा राशि जारी कराने के एवज में सहायक भू-अर्जन अधिकारी द्वारा 50 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी।
https://www.facebook.com/share/v/1DgRak3Wt6/
फरियादी ने बताया कि आरोपी अधिकारी को पहले ही 1 लाख रुपये एडवांस के रूप में दे दिए गए थे। इसके बाद शेष राशि में से एक और 1 लाख रुपये की मांग की गई। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
भू-अर्जन शाखा में लेते समय दबोचा
आज लोकायुक्त रीवा की टीम ने सीधी पहुंचकर भू-अर्जन शाखा में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी अधिकारी ने 1 लाख रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक पंचनामा और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई।
https://sidhi24news.in/archives/28554
टीआई लोकायुक्त एस.आर. मरावी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार भूपेन्द्र पांडेय पूर्व में भी लोकायुक्त के चंगुल में फंस चुके हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है, जो अभी न्यायालय में लंबित है। ऐसे में दोबारा रिश्वत लेते पकड़े जाने से विभाग में हड़कंप मच गया है।








