Sidhi24news;युवाओं के विचारों से आकार लेगा विकसित सीधी का भविष्य: विधायक श्रीमती रीती पाठक
‘‘विकसित सीधी-2047‘‘ युवा संवाद में उभरे नवाचार, रोजगार, शिक्षा और विकास के नए विजन
प्रतिभाशाली युवाओं को किया गया सम्मानित, विकसित सीधी के लिए लिया सामूहिक संकल्प
सीधी जिले के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से रमा बल्देव पैलेस, सीधी में ‘‘विकसित सीधी-2047: युवा संवाद, चुनौतियाँ और समाधान‘‘ विषयक युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने की। यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि वर्ष 2047 तक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर सीधी के निर्माण हेतु युवाओं के विचारों, सुझावों और नवाचारों को मंच प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
https://sidhi24news.in/archives/29854
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प लिया गया है, वह देश के युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में शिक्षा, अधोसंरचना, रोजगार और डिजिटल सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के इस विजन को धरातल पर उतारने के लिए विकसित सीधी-2047 की परिकल्पना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मक सोच ही विकसित सीधी के निर्माण की वास्तविक शक्ति है। आज का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान का परिवर्तनकारी नेतृत्व है। युवाओं के सुझाव और उनकी सहभागिता जिले की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करेगी।
विधायक श्रीमती पाठक ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना विकसित सीधी के लक्ष्य की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। शिक्षा, रोजगार, डिजिटल सशक्तिकरण, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, अधोसंरचना विकास तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर युवाओं ने व्यवहारिक सुझाव एवं समाधान रखे। प्रतिभागियों ने जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाने, तकनीकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया।
विधायक श्रीमती पाठक ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजनाओं के अंतर्गत जिले में हो रहे कार्यों की जानकारी देते हुए डिजिटल लाइब्रेरी, पीएमश्री विद्यालयों, महाविद्यालयों, सांदीपनि विद्यालयों में विकसित की जा रही डिजिटल शिक्षा व्यवस्थाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्रवार औद्योगिक क्षेत्रों के विकास की दिशा में भी पहल की जा रही है, जिससे जिले में निवेश और रोजगार दोनों के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और लघु उद्योगों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिनका लाभ उठाकर सीधी जिले को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। प्रथम पुरस्कार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 सीधी के अजय गुप्ता, द्वितीय पुरस्कार सरस्वती विद्यालय मड़रिया की अनन्या विश्वकर्मा तथा तृतीय पुरस्कार पीएमश्री कन्या आदर्श विद्यालय सीधी की निक्की मिश्रा को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रस्तुत विचारों एवं सुझावों का मूल्यांकन जूरी सदस्यों द्वारा किया गया। जूरी में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजकरण शुक्ला, वीर नारी सुनीता सिंह तथा समाजसेवी आशा मिश्रा शामिल रहीं। जूरी सदस्यों ने प्रतिभागियों के विचारों, प्रस्तुतीकरण, नवाचार, व्यवहारिकता एवं विकासोन्मुख दृष्टिकोण के आधार पर विजेताओं का चयन किया तथा युवाओं की प्रतिभा और जागरूकता की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में विकसित सीधी-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सभी युवाओं ने सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। उपस्थित जनों ने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की सकारात्मक सोच, नवाचार, जनभागीदारी और विकासोन्मुख दृष्टिकोण से सीधी जिला आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक, जिला समन्वयक शिक्षा केंद्र सीधी विनय मिश्र, समाजसेवी विश्वबंधु धर द्विवेदी, पुनीत नारायण शुक्ला, पुष्पराज सिंह, पंकज पाण्डेय, कंचन केशरी, महिमा तिवारी, अजीत वर्मा, अर्जुन सिंह, प्रमोद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







