Re. No. MP-47–0010301

Sidhi24news:भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा का अस्पताल में इलाज के दौरान निधन, भाजपा में शोक की लहर

Sidhi24news:भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा का अस्पताल में इलाज के दौरान निधन, भाजपा में शोक की लहर

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा का शुक्रवार को निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले कुछ वक्त से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने आज सुबह 5 बजे मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 67 वर्ष के थे।

उन्हें जून माह के अंत में भोपाल के एक निजी अस्पताल से एयरलिफ्ट कर गुरुग्राम ले जाया गया था। कुछ दिन पहले सीएम मोहन यादव भी उनका हालचाल जानने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रभात झा का अंतिम संस्कार ग्वालियर या उनके पैतृक गांव कोरियाही, सीतामढ़ी (बिहार) में किया जा सकता है। उन्होंने पत्रकारिता से अपना कैरियर शुरू किया था। बाद में वह राजनीति में आए। भाजपा में वह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर रहे।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

https://x.com/DrMohanYadav51/status/1816678610649927684?t=MvvKtoZTRAl49orU-pJk8g&s=19

संक्षिप्त जीवन परिचय
प्रभात झा का जन्म 4 जून 1957 को बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव में हुआ था। कुछ समय बाद उनका परिवार मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आकर बस गया। यहीं पर उनकी शिक्षा-दीक्षा हुई। उन्होंने ग्वालियर के पीजीवी कॉलेज से बीएससी, माधव कॉलेज से राजनीति शास्त्र में एमए और एमएलबी कॉलेज से एलएलबी की डिग्री हासिल की। उन्होंने एक पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया था। बाद में वह राजनीति में आए और भाजपा के सक्रिय सदस्य बन गए। वह भाजपा के मुखपत्र ‘कमल संदेश’ के संपादक भी रहे। प्रभात झा की शादी रंजना झा से हुई थी और उनके दो बेटे हैं।

मप्र भाजपा अध्‍यक्ष वीडी शर्मा ने उनके न‍िधन पर श्रद्धांज‍लि अर्पित करते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताऔर मप्र भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें।

उन्‍होंने कहा कि प्रभातजी ने अपना सम्पूर्ण जीवन संगठन के लिए समर्पित कर दिया। मध्य प्रदेश संगठन के विस्तार एवं उसको सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय समय पर मुझे उनका मार्गदर्शन एवं स्नेह मिलता रहा है, उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!