पुलिस पर जानलेवा हमला: कमर्जी टीआई पर टांगी-हंसिए से वार, 5 आरोपी नामजद
सीधी | Sidhi24 News
सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पर कुछ लोगों ने टांगी और हंसिए से हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आने के बाद तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।https://sidhi24news.in/archives/29880
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते कुछ ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मार्ग बहाल कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
हमले में थाना प्रभारी को गंभीर चोटें आईं, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में पुलिस ने दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल तथा रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस अधिकारी पर हमला तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस अधिकारी पर हमला अत्यंत गंभीर मामला है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे जिले में पुलिस महकमे में आक्रोश है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।https://www.facebook.com/share/p/1J2x7vaszS/







