सीधी में नशे के खिलाफ सख्त अभियान शुरू: कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश, “ड्रग्स नहीं, दूध चाहिए” को मिलेगा जोर
सीधी, 31 मार्च 2026।
जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कलेक्टर श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई और संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए।https://sidhi24news.in/archives/28631
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब और नशीली दवाओं की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच के निर्देश दिए गए, साथ ही स्कूल परिसरों के आसपास पान मसाला और नशीले पदार्थों की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने को कहा गया।
नशे के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग को व्हाट्सएप नंबर जारी कर त्वरित शिकायत निवारण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अपर कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर लगातार कार्रवाई करने की योजना बनाई गई।
संवेदनशील क्षेत्रों में गांजा की अवैध खेती पर विशेष अभियान चलाने, ई-सिगरेट की बिक्री पर निगरानी रखने और जनजागरूकता अभियान को तेज करने पर भी जोर दिया गया। आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जब्त सामग्री के शीघ्र विनष्टीकरण के निर्देश दिए गए।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए कोचिंग सेंटर, स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों में विशेष निगरानी रखने की बात कही गई। कलेक्टर ने “ड्रग्स नहीं, दूध चाहिए” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने पर जोर दिया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।https://sidhi24news.in/archives/28626







