सीधी–मड़वास मार्ग पर तेज रफ्तार बल्कर का कहर, युवक का पैर कुचला; 4 लेन सड़क निर्माण में तेजी की मांग
सीधी। जिले के सीधी–मड़वास मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहन ने गंभीर हादसे को जन्म दिया है। मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकरी गांव से करीब दो किलोमीटर पहले जेपी कंपनी से निकले एक बल्कर की चपेट में आने से परासी निवासी महाबली मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके बाएं पैर के ऊपर बल्कर चढ़ जाने से पैर पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच की है। महाबली मिश्रा ड्यूटी पर जाने के दौरान सड़क किनारे गिर गए थे। उसी दौरान मौके पर मौजूद दो पुलिसकर्मी उन्हें उठाने का प्रयास कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बल्कर वहां पहुंचा और उनके पैर को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद बल्कर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चोट अत्यंत गंभीर है और पैर को भारी नुकसान पहुंचा है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीधी–मड़वास मार्ग पर हर महीने दर्जनों सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है और कई परिवार उजड़ रहे हैं। लोगों ने बताया कि करीब आठ माह पहले इस सड़क को 4 लेन बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य में कोई ठोस प्रगति नहीं हो पाई है।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक कुंवर सिंह टेकाम और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा से मांग की है कि सीधी–मड़वास सड़क के निर्माण कार्य को प्राथमिकता में लेकर जल्द शुरू कराया जाए। लोगों का कहना है कि रेल परियोजना से पहले इस सड़क का निर्माण अधिक जरूरी है, क्योंकि इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं आमजन की जान ले रही हैं।
फिलहाल पुलिस बल्कर चालक की तलाश में जुटी है और घटना की जांच की जा रही है।
निगम-मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द, मोहन सरकार ने नामों पर लगाई अंतिम मुहर








