सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 36 किलो अवैध गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी का खुलासा
रात के अंधेरे में अमिलिया पुलिस की घेराबंदी, कंटेनर छोड़कर फरार हुए दो तस्कर
Sidhi Crime Newsसीधी | 14 जनवरी 2026 जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीधी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अमिलिया क्षेत्र में देर रात की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर से 36.260 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। हालांकि अंधेरे और पहाड़ी जंगल का फायदा उठाकर कंटेनर चालक एवं उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने कंटेनर सहित भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त कर लिया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक श्री राकेश बैस के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर की सूचना से शुरू हुआ ऑपरेशन
पुलिस को दिनांक 14 जनवरी 2026 की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक हरियाणा पंजीकृत कंटेनर (HR38W2990) में भारी मात्रा में अवैध गांजा छिपाकर अमिलिया क्षेत्र में लाया जा रहा है, जिसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना अमिलिया पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर क्षेत्र में सघन निगरानी शुरू कर दी।
मूड़ा पहाड़ के पास पुलिस की घेराबंदी, तस्कर फरार
पुलिस टीम ने मूड़ा पहाड़ के पास रणनीतिक घेराबंदी की। इसी दौरान पिपराही की ओर से आ रहा संदिग्ध कंटेनर दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर कंटेनर चालक एवं उसका साथी केबिन का दरवाजा खोलकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए पहाड़ी जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस द्वारा पीछा और आवाज देकर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दुर्गम और घने जंगल के कारण आरोपी भागने में सफल रहे।
कंटेनर से 36.260 किलो गांजा बरामद
आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस ने कंटेनर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान—
केबिन में छिपाकर रखी दो प्लास्टिक बोरियां बरामद की गईं
बोरियों में कुल 36 पैकेट, प्रत्येक लगभग 1 किलो वजन के पाए गए
कुल शुद्ध वजन 36.260 किलोग्राम निकला
मादक पदार्थ की पहचान सूंघने, घिसने एवं भौतिक परीक्षण के आधार पर की गई, जो अवैध गांजा पाया गया।
₹35 लाख से अधिक की जब्ती
पुलिस द्वारा जब्त की गई सामग्री का कुल बाजार मूल्य लगभग ₹35,55,900/- आंका गया है—
गांजा (36.260 किग्रा): ₹5,43,900/-
कंटेनर (HR38W2990): ₹30,00,000/-
ओप्पो मोबाइल फोन: ₹12,000/-
अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की आशंका
कंटेनर के हरियाणा पंजीकृत होने से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की संभावना जताई जा रही है। वाहन से एक पर्ची भी बरामद हुई है, जिसमें कई नाम एवं रकम दर्ज हैं। इसके अलावा जब्त मोबाइल फोन से भी तस्करी से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने फरार दोनों तस्करों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए—
आसपास के जिलों में अलर्ट जारी
संभावित मार्गों और ठिकानों की निगरानी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच
की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बैस, उप निरीक्षक इंद्राज सिंह, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, राजेंद्र सिंह, आरक्षक रघुराज सिंह, बृजेश बेस एवं सतीश कुशवाहा की तत्परता और साहसिक भूमिका सराहनीय रही।
सीधी: पूर्व सांसद गोविंद मिश्र के पिता हनुमान प्रसाद मिश्र का निधन, भोपाल में दी आखिरी सांस








