जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने की पहल, कलेक्टर ने सुनी 276 लोगों की समस्याएं
सीधी 31 मार्च 2026 कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में नवाचारपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर ने स्वयं उपस्थित होकर 276 आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं, कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों को समय सीमा में निराकृत करने के लिए निर्देशित किया।https://m.facebook.com/story.php?story_fbid=pfbid02nFBn38FEFSwZENcWoJfidMKKsPDiUd8DN2fBraDrCdEaRopghUbSP6ZDT4kVt469l&id=61553771941900&mibextid=ZbWKwL
नई व्यवस्था के तहत जनसुनवाई को सरल एवं सुलभ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। अब आवेदकों को आवेदन लिखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर्स की सहायता ली जा रही है, ताकि अशिक्षित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। प्राप्त सभी आवेदनों को तत्काल जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर प्रत्येक आवेदक को पावती प्रदान की जा रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और आवेदनों की स्थिति का ट्रैक रखा जा सके।
जनसुनवाई में हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित सभी विभागों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, जिससे अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण मौके पर ही किया जा सके। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर दी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी आवेदन को अमान्य किया जाता है, तो उसके कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि भविष्य में लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए छोटे-छोटे क्लस्टरों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी आसानी से लाभ मिल सके। इन शिविरों के साथ स्वास्थ्य शिविर (हेल्थ कैंप) का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय रही, जिसने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। यह पहल आमजन के लिए अतिरिक्त सुविधा के रूप में सराही जा रही है।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।https://sidhi24news.in/archives/28615







