Re. No. MP-47–0010301

सीधी:कमिश्नर ने परियोजना अधिकारी को किया निलंबित

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में लापरवाही पर परियोजना अधिकारी निलंबित

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में बरती थी उदासीनता, कमिश्नर ने की कार्रवाई

सीधी, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतना सीधी जिले के एक अधिकारी को भारी पड़ गया। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने रामपुर नैकिन-2 के परियोजना अधिकारी एवं रामपुर नैकिन-1 के अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे शिवानंद शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत की गई है।

https://www.facebook.com/share/r/1HM7kuJmqc/

जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को रामपुर नैकिन विकासखंड के पटना क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत पटना, मझिगवां, पिपराव और बूढ़गौना में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों के दौरान लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद परियोजना अधिकारी शिवानंद शुक्ला द्वारा लंबित प्रकरणों के निराकरण में घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई। इसे गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबन अवधि के दौरान शिवानंद शुक्ला का मुख्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सीधी निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

अधिकारियों को सख्त चेतावनी

कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

https://sidhi24news.in/archives/30334

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!