Re. No. MP-47–0010301

Sidhi Crime सीधी लूट कांड 48 घंटे में खुलासा

सीधी में 1 लाख की लूट का 48 घंटे में खुलासा: कोतवाली पुलिस ने शातिर गिरोह पकड़ा, नकदी और बाइक बरामद

सीधी, मध्यप्रदेश के सीधी जिले में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर में हुई ₹1 लाख की सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शातिर गिरोह के दो आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के पास से लूटी गई पूरी ₹1,00,000 की नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।https://sidhi24news.in/archives/28499

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की। शहर में बढ़ रहे संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार अभियान चला रही है, जिसके तहत यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।

दरअसल 12 मार्च को फरियादी लालमणि सिंह के साथ ₹1 लाख की लूट की घटना हुई थी। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की और मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान की।

पहचान पुख्ता होने के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में सचिन लोनिया (20 वर्ष) निवासी हटवा खास थाना कमर्जी, आदित्य विश्वकर्मा (18 वर्ष 6 माह) निवासी हटवा बरहा टोला थाना कमर्जी और एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी ₹1 लाख नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे भी किए हैं। उन्होंने बताया कि वे थाना चुरहट और थाना सेमरिया क्षेत्र में भी लूट और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। कोतवाली पुलिस द्वारा मिली इन जानकारियों के आधार पर संबंधित थानों की पुलिस भी मामले की जांच और वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। इन घटनाओं का भी जल्द ही अलग से खुलासा किया जाएगा।

इस मामले में त्वरित कार्रवाई और लूट की पूरी राशि बरामद करने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय और उनकी टीम की सराहना की है। टीम में उप निरीक्षक राजमणि वर्मा, प्रधान आरक्षक रणबहादुर, आनंद शर्मा, तिलकराज सिंह तथा आरक्षक बालेंद्र सिंह, राजकुमार मिश्रा, आजाद खान और प्रदीप मिश्रा शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।https://sidhi24news.in/archives/28473

Leave a Comment

error: Content is protected !!