Sidhi:खनिज के अवैध परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 8 वाहन जब्त, प्रकरण दर्ज
सीधी जिले में खनिज माफियाओं पर शिकंजा, संयुक्त टीम ने चलाया सघन जांच अभियान
सीधी।
सीधी जिले में खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में 9 फरवरी 2026 को खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई में अवैध खनिज परिवहन करते पाए गए 8 वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
https://www.facebook.com/share/p/1KPwCMHjoG/
यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में, उपखण्ड मजिस्ट्रेट सिहावल प्रिया पाठक तथा जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई।
तहसील बहरी के ग्राम हर्दी में जांच के दौरान एक हाईवा वाहन द्वारा गिट्टी तथा एक मिनी ट्रक द्वारा बोल्डर का बिना वैध अभिवहन पास परिवहन करते हुए पाया गया। दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर थाना अमिलिया परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। इसके अलावा चार अन्य भारी वाहनों द्वारा अभिवहन पास में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज परिवहन किए जाने का मामला सामने आया, जिन पर भी कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त किया गया।
इसी दिन मड़वास तहसील के ग्राम शंकरपुर भदौरा में भी संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। यहां टाटा 407 वाहन को बिना वैध अभिवहन पास रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे थाना मड़वास में खड़ा कराया गया। वहीं एक अन्य वाहन द्वारा निर्धारित मात्रा से अधिक रेत परिवहन करने पर उसे पुलिस चौकी टिकरी में सुरक्षार्थ रखा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए सभी वाहनों तथा संबंधित वाहन स्वामियों और चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण नियम 2022 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और प्रकरण कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
कलेक्टर द्वारा जिला टास्क फोर्स की दैनिक कार्यवाहियों की समीक्षा की जा रही है। जिले के जिन क्षेत्रों से खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण की शिकायतें प्राप्त होंगी, वहां निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








