Re. No. MP-47–0010301

Sidhi: हेलमेट होता तो बच जाती जान?

कुसमी: पुलिया के नीचे गिरी बाइक,युवक की गई जान

सीधी जिले के वनांचल क्षेत्र कुसमी में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बहेरा नाला पुल के पास हुए सड़क हादसे में 45 वर्षीय सीता प्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ग्राम पंचायत रौहाल क्षेत्र की है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

https://www.facebook.com/share/v/17MspSSkxu/

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीता प्रताप सिंह अपनी बहन के ससुराल रौहाल में आयोजित दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पहले अपने छोटे भाई को वहां छोड़ा और लौटते समय पत्नी एवं बुआ को सुरक्षित घर पहुंचाया। इसके बाद वे रौहाल से अपने गांव चगोहर की ओर वापस जा रहे थे। इसी दौरान लेदहा स्थित बहेरा नाला पुल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल के नीचे जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता तो संभवतः सिर में गंभीर चोट से बचाव हो सकता था और जान बच सकती थी। यह घटना एक बार फिर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की जरूरत को रेखांकित करती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का बड़ा कारण सिर में गंभीर चोट है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। प्रशासन और पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाते हैं, लेकिन आमजन की सतर्कता और नियमों का पालन ही ऐसी दुखद घटनाओं को रोक सकता है।

https://sidhi24news.in/archives/28487

Leave a Comment

error: Content is protected !!